0 बकावंड बीईओ चंद्रशेखर यादव ने किया शैक्षणिक संस्थाओं का निरीक्षण
0 नदारद शिक्षक से जवाब तलब, शो कॉज नोटिस
0 जिला कार्यालय को भेजा गया निलंबन का प्रस्ताव
बकावंड। विकासखंड बकावंड में शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने और शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लेने के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव द्वारा विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान शाला से नदारद पाए गए एक शिक्षक को शो कॉज नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है।
भ्रमण के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव ने संकुल केंद्र ईरिकपाल और संकुल केंद्र टलनार के अंतर्गत आने वाले सभी प्राथमिक, माध्यमिक और हाई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ईरिकपाल संकुल के अंतर्गत आने वाले स्कूलों के साथ-साथ डीएवी स्कूल उलनार और हाई स्कूल उलनार की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इन सभी संस्थाओं में अध्यापन कार्य सुचारू रूप से संचालित मिला और मध्यान्ह भोजन योजना का क्रियान्वयन भी बेहतर पाया गया। भ्रमण अवधि में बीईओ द्वारा सभी संस्थाओं में पाठ्य पुस्तक वितरण, निशुल्क गणवेश वितरण आदि की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया गया।खंड शिक्षा अधिकारी श्री यादव ने सभी शिक्षकों को समय पर शाला आगमन और प्रस्थान सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही प्रतिदिन शासन द्वारा निर्धारित वीएसके एप में अनिवार्य रूप से उपस्थिति दर्ज करने के कड़े निर्देश दिए।
लापरवाही पर सख्ती भी
बीईओ चंद्रशेखर यादव के निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला और माध्यमिक शाला टलनार में गंभीर लापरवाही भी सामने आई। यहां पदस्थ शिक्षक थुनराम बघेल 16 जून से लगातार आज तक शाला से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। कर्तव्य के प्रति इस घोर लापरवाही को देखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री यादव द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई।
अनुपस्थित शिक्षक थुनराम बघेल को तत्काल कारण बताओ नोटिस नोटिस जारी किया गया। साथ ही, उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए निलंबन का प्रस्ताव तैयार कर जिला कार्यालय को प्रेषित कर दिया गया है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री यादव ने स्पष्ट किया है कि शिक्षण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आने वाले दिनों में भी इस तरह के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।