बस्तर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि: बोधघाट थाना बना छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना

जगदलपुर। बस्तर संभाग के लिए गर्व का क्षण है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा वर्ष 2025 की वार्षिक पुलिस थाना रैंकिंग में बोधघाट थाना को छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया गया है। खास बात यह है कि पहली बार बस्तर संभाग के किसी थाने को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान मिला है।

गृह मंत्रालय हर वर्ष देशभर के पुलिस थानों का विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन करता है। इसमें अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता, सामुदायिक पुलिसिंग, जनसहभागिता, नागरिक-अनुकूल सेवाएं, पुलिस अधोसंरचना, नवाचार, अभिलेख संधारण और समग्र कार्यप्रणाली जैसे प्रमुख बिंदुओं को आधार बनाया जाता है। इन सभी मापदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते बोधघाट थाना ने यह उपलब्धि हासिल की।

सम्मान समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री के नाम से जारी प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज और वर्तमान पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीना ने तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौड़ तथा वर्तमान थाना प्रभारी निरीक्षक तामेश्वर चौहान को प्रदान किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, तत्कालीन नगर पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल और वर्तमान नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे भी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह सम्मान बोधघाट थाना के अधिकारियों और कर्मचारियों की वर्षों की मेहनत, अनुशासित कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। थाना ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने, आम जनता का विश्वास मजबूत करने और नवाचार आधारित पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया।

बस्तर पुलिस ने इस उपलब्धि को पूरे पुलिस बल के सामूहिक प्रयास और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का प्रतीक बताया है। अधिकारियों का कहना है कि यह सम्मान भविष्य में भी नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और जवाबदेह पुलिस सेवा देने के लिए पुलिस बल को प्रेरित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *