कोरबा। जिले के पर्यटन स्थल सतरेंगा में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया एक युवा एसईसीएल कर्मी नदी में डूब गया। दो दिन तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने उसका शव नदी से बरामद किया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान सुभांशु ध्रुव (24 वर्ष), निवासी कोरबा के रूप में हुई है। वह अपने पांच दोस्तों के साथ रविवार को सतरेंगा घूमने गया था। पिकनिक के दौरान सभी दोस्त नदी के बीच बने एक टापू की ओर जा रहे थे। इसी बीच सुभांशु ने बीच रास्ते से वापस लौटने का प्रयास किया, लेकिन गहरे पानी में जाने से वह डूब गया।
घटना के तुरंत बाद साथियों और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही श्यांग और लेमरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया। हालांकि, अंधेरा होने और नदी में तेज बहाव के कारण रविवार रात रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा अभियान शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम सुभांशु का शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चार साल पहले पिता का निधन, अब परिवार का सहारा भी छिना
सुभांशु के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। चार वर्ष पहले उसके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद अनुकंपा नियुक्ति के आधार पर सुभांशु को SECL में नौकरी मिली थी। वह पिछले करीब ढाई वर्षों से एसईसीएल कोरबा क्षेत्र की सेंट्रल वर्कशॉप में कार्यरत था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। युवा बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस ने की सावधानी बरतने की अपील
पुलिस ने लोगों से नदी, जलाशयों और पिकनिक स्थलों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विशेषकर बारिश के मौसम में जलस्तर और बहाव का सही अनुमान लगाना मुश्किल होता है, इसलिए गहरे पानी में जाने से बचने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।