
० प्रदेश कांग्रेस सचिव राय ने कलेक्टर को लिखा पत्र
० स्कूल भवन निर्माण में अनिमितता का आरोप
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव एवं बस्तर संभाग के वरिष्ठ कांग्रेस नेता दुर्गेश राय ने सुकमा जिले के कोंटा विकासखंड के ग्राम में तिम्मापुरम-2 मे नवनिर्मित प्राथमिक शाला भवन की ओर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। उन्होंने कहा कि भवन इस खतरनाक स्थिति में है कि यहां कभी भी गंभीर और दुखद हादसा हो सकता है।
कांग्रेस नेता दुर्गेश राय ने भवन की स्थिति और संभावित खतरे को लेकर सुकमा कलेक्टर को पत्र लिखकर आगाह किया है। उन्होंने कहा कि शाला भवन का निर्माण बिना किसी मापदंड के निम्न स्तर का कराया गया है। भवन की छत का स्लैब पूरी तरह झूले के आकर में झूलता दिख रहा है। स्कूल के सभी कमरों में पानी टपक रहा है। दीवारों पर भी दरारें आ चुकी हैं और सीपेज हो रहा है। कांग्रेस प्रदेश सचिव दुर्गेश राय ने कहा है कि शासन प्रशासन नक्सल मुक्त होने का दावा करते हैं, लेकिन अंदरूनी क्षेत्र होने का फायदा ठेकेदार, इंजीनियर एवं विभाग उच्च अधिकारी उठा रहे हैं। ये सभी जिम्मेदार लोग मासूम बच्चों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। बिना जांच पड़ताल के और बिना देखे निर्माण का मूल्यांकन कर पूरी राशि का आहरण कर लिया लिया जाता है। इस क्षेत्र में कई बार प्रदेश के गृह मंत्री, प्रभारी मंत्री और जिले के प्रशासनिक अधिकारियों आगमन होते रहता है। उसके बावजूद इस तरह का निर्माण किया जाना विभाग एवं ठेकेदार में प्रशासन के का कोई भय नहीं रह गया है। कांग्रेस नेता दुर्गेश राय ने कलेक्टर से अनुरोध किया है बच्चों की जान पर बन आए खतरे को देखते हुए शाला लगाने के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाए एवं दोषी इंजीनियर अधिकारी व ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।