गांव में घुसे तेंदुए ने मचाई दहशत, वन विभाग ने ट्रेंकुलाइजर गन से किया काबू

बलौदाबाजार। जिले के सोनाखान चौकी क्षेत्र के महकम गांव में तेंदुए के अचानक घुस आने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेंदुए के गांव के बीच पहुंचने की सूचना फैलते ही ग्रामीणों में भय का माहौल छा गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।जानकारी के अनुसार, तेंदुआ गांव निवासी सुनील साहू के घर की बाड़ी में घुसकर झाड़ियों में छिप गया। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय वन टीम मौके पर पहुंच गई। स्थिति को देखते हुए बिलासपुर से विशेष रेस्क्यू टीम को भी बुलाया गया।
वन विभाग और रेस्क्यू दल की संयुक्त टीम ने तेंदुए को पकड़ने का अभियान शुरू किया। तेंदुआ घनी झाड़ियों में छिपा होने के कारण ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा। कई घंटों की लगातार मशक्कत के बाद डॉ. पी.के. चंदन वर्मा के नेतृत्व में टीम ने ट्रेंकुलाइजर गन का प्रयोग कर तेंदुए को बेहोश किया और उसे सफलतापूर्वक काबू में ले लिया।रेस्क्यू के बाद तेंदुए को पिंजरे में बंद कर उपचार के लिए भेज दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य नहीं है और वह गंभीर अवस्था में है।  विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घटना के दौरान गांव में काफी देर तक दहशत का माहौल रहा। वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामीणों को तेंदुए के पास न जाने और भीड़ न लगाने की सलाह दी थी। रेस्क्यू ऑपरेशन सफल होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की टीम की सराहना की।वन विभाग अब यह जांच कर रहा है कि तेंदुआ जंगल से भटककर गांव तक कैसे पहुंचा। अधिकारियों का कहना है कि भोजन व पानी की तलाश में या आसपास के जंगलों में बढ़ते मानवीय हस्तक्षेप के कारण वन्यजीव अक्सर बस्तियों की ओर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *