चरित्र शंका के चलते पत्नी की हत्या, डंडे से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

बलरामपुर। जिले के सामरीपाठ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां चरित्र शंका के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी पति को ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि उसकी पत्नी को किसी अन्य व्यक्ति के साथ पकरी पेड़ के नीचे देखा गया था। इसी सूचना के बाद वह मौके पर पहुंचा, जहां पत्नी को देखकर उसका गुस्सा भड़क उठा। आरोप है कि इसी दौरान पति ने पत्नी पर हाथ, पैर और डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमले के दौरान महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और कुछ ही देर में उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सामरीपाठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और हत्या में इस्तेमाल डंडा जब्त किया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *