
0 स्कूल परिसर में पांचवे वर्ष भी किया वृक्षारोपण
जगदलपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत कोलचुर के शासकीय मिडिल स्कूल एवं हाई स्कूल के संयुक्त परिसर में ‘नक्षत्र वाटिका’ की शुरुआत की गई। गांव में यह लगातार पांचवां वर्ष है जब सामूहिक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।
इस बार वाटिका में आम, जामुन, खैर, नीम, आंवला, बड़, पीपल, महुआ, सरगी, मुनगा, हरड़, बेर, कोसम सहित लगभग 20 प्रजातियों के बहुउपयोगी पौधे रोपे गए। कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री यज्ञ के साथ हुआ। इसके बाद शिक्षकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने पौधरोपण किया। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन, बीआरसी अजंबर कोर्राम, योग सत्र के लिए पधारे डीआरडीओ के पूर्व वैज्ञानिक प्रदीप शुक्ला एवं सच्चिदानंद स्वामी उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत कोलचुर की सरपंच, पंच एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। वाटिका की सुरक्षा के लिए गांव ने एकजुटता दिखाई। गड्ढा खोदाई एवं सीमेंट पोल की व्यवस्था हार्दिक टांक व भावेश टांक ने की। फेंसिंग तार एवं गार्डन पाइप अमित टांक, मुकेश तिवारी, रंभा ठाकुर व अरुण परिहार ने उपलब्ध कराए। श्रमदान में संजय मिश्रा, नारायण लाल साहू, राकेश शर्मा, गिरधारी विश्वकर्मा, मनीष वर्मा, अर्जुन कोरमा सहित कई ग्रामीणों ने योगदान दिया।उल्लेखनीय है कि बस्तर, तालुर और सालेमेटा के बाद इस वर्ष नक्षत्र वाटिका की श्रृंखला कोलचुर से शुरू हुई थी।