बाल गृह जगदलपुर में बच्चों के साथ पौधरोपण

0 नौनिहालों ने लिया पौधों की सुरक्षा का संकल्प 

जगदलपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बाल गृह जगदलपुर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम बाल कल्याण समिति, बस्तर (न्यायपीठ) द्वारा कैटलिस्ट फॉर सोशल एक्शन के सहयोग से आयोजित किया गया। बच्चों के साथ परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति, बस्तर (न्यायपीठ) के अध्यक्ष नरेंद्र पाणिग्रही एवं समिति के सदस्यों ने बच्चों को पौधरोपण के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अध्यक्ष नरेंद्र पाणिग्रही ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों को समझने और उनका निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। बच्चों के साथ पौधरोपण कर उन्हें प्रकृति से जोड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण की मजबूत नींव बनेंगे। पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का संकल्प लेना भी उतना ही आवश्यक है, तभी पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य सार्थक हो सकेगा। बाल गृह जगदलपुर के प्रभारी अधीक्षक मनोज कांत जोशी ने कहा कि यह कार्यक्रम बच्चों के लिए सीख और प्रेरणा का महत्वपूर्ण अवसर है। बच्चों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। कैटलिस्ट फॉर सोशल एक्शन के प्रोग्राम ऑफिसर योगेश ठाकुर ने भी बच्चों को पौधरोपण के लिए प्रोत्साहित करते हुए पर्यावरण संरक्षण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने पौधों के संरक्षण संबंधी जानकारी देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सभी को संकल्पित होना चाहिए। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति की सदस्य वर्षा श्रीवास्तव, धनेश्वरी वर्मा, रामकृष्ण ठाकुर, संतोष जोशी, प्रभारी अधीक्षक मनोज कांत जोशी, सीएसए के प्रोग्राम ऑफिसर योगेश ठाकुर, सोमा सरकार, रंजिता जोशी, पलक साव, महेश्वरी सरवन, सुनीता देवांगन, सरिता दुबे, सूरज नेताम, गीतेश्वरी सोनी, रूचि माली सहित बाल गृह के बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल एवं संरक्षण के महत्व पर भी जानकारी दी गई तथा सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *