बॉम्बे मार्केट में सेंट्रल बैंक के जोनल ऑफिस में लगी आग, इलाके में मचा हड़कंप

रायपुर। राजधानी रायपुर के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र बॉम्बे मार्केट में सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल कार्यालय में अचानक भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां, पुलिस बल और नगर निगम के पानी के टैंकर मौके पर पहुंच गए। आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया।

जानकारी के अनुसार, मौदहापारा थाना क्षेत्र स्थित बैंक के जोनल कार्यालय में सुबह कर्मचारी जब दफ्तर पहुंचे तो भवन से घना धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने कार्यालय के अंदरूनी हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई।

आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर तैनात की गईं। वहीं, अतिरिक्त पानी की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए नगर निगम के टैंकर भी बुलाए गए। सुरक्षा के मद्देनजर बैंक परिसर के आसपास स्थित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को खाली कराया गया तथा पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैंक भवन की ऊपरी मंजिलों से लगातार धुएं का गुबार निकल रहा था। आग की सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। दमकल कर्मियों ने आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकने के लिए लगातार मशक्कत की।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *