पत्नी को प्रताड़ित करने से रोकने पहुंचे रिश्तेदारों पर फायरिंग, पति समेत दो आरोपी गिरफ्तार

सक्ती। जिले के सक्ती थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी के साथ मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत पर समझाइश देने पहुंचे रिश्तेदारों पर पति और उसके साथी ने कथित रूप से फायरिंग कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना कर्रापाली गांव की है। जांजगीर-चांपा जिले के बालपुर निवासी अजय सिंह गोड़ ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने परिजनों के साथ एक रिश्तेदार महिला को उसके पति द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने की जानकारी मिलने पर समझाइश देने कर्रापाली गांव पहुंचे थे।

बताया गया कि बातचीत के दौरान आरोपी दिलेश्वर सिदार नाराज होकर वहां से चला गया। बाद में जब अजय सिंह गोड़ और उनके साथ मौजूद लोग वापस लौट रहे थे, तब गांव के बाहर तालाब के पास आरोपी ने अपने साथी के साथ उनका रास्ता रोक लिया।

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर फायरिंग कर दी। हालांकि सभी लोग समय रहते झुक गए, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। घटना के दौरान दूसरा आरोपी भी हथियार लहराते हुए कथित रूप से जान से मारने की धमकी दे रहा था।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने मुख्य आरोपी दिलेश्वर सिदार (30) के कब्जे से एक देशी रिवाल्वर तथा घटनास्थल से एक खाली कारतूस बरामद किया है। वहीं उसके साथी सोमदेव सिदार के पास से एक देशी कट्टा जब्त किया गया। सक्ती थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड में उप जेल सक्ती भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *