० भाजपा की असली ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता, सेवा और राष्ट्रवाद हमारी पहचान : डिप्टी सीएम अरुण साव
० गरीब कल्याण और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ भाजपा निरंतर आगे बढ़ रही : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
० उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर में आयोजित दो दिवसीय आवासीय शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त किया
बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर के झूलेलाल मंगलम भवन में भाजपा के दो दिवसीय (25 से 26 मई तक) जिला स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर में उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की विचारधारा और जनकल्याण के विषयों पर व्यापक चिंतन किया। शिविर में श्री साव ने कहा कि भाजपा का मूल आधार उसका समर्पित कार्यकर्ता है, जो सेवा, अनुशासन और राष्ट्रहित के भाव से समाज के बीच सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनता है। भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है, इसके लिए कार्यकर्ताओं की कई पीढ़ियों ने कड़ी मेहनत की है।

प्रशिक्षण शिविर के दूसरे एवं अंतिम दिन उप मुख्यमंत्री साव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से योग्य बनाने के साथ संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जहां सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और क्षमता के बल पर सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। यही कारण है कि भाजपा केवल पार्टी विद ए डिफरेंस का नारा नहीं देती, बल्कि उसका प्रत्येक कार्यकर्ता अपने अनुशासन और सेवा भाव के कारण समाज में अलग पहचान रखता है।
पीएम मोदी के 12 साल गरीब कल्याण के लिए समर्पित
उप मुख्यमंत्री साव ने एकात्म मानववाद की विचारधारा का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने सदैव गरीब, वंचित और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की चिंता की है। उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन से हर घर में शौचालय निर्माण, आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीबों को निःशुल्क उपचार, उज्ज्वला योजना से महिलाओं को गैस कनेक्शन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ लोगों का गरीबी रेखा से बाहर आना केंद्र सरकार की गरीब कल्याणकारी नीतियों की सफलता का प्रमाण है।
कार्यकर्ता जितना योग्य बनेगा, संगठन उतना ही मजबूत होगा
श्री साव ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी अपने कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण की बदौलत बनी है। पार्टी अपने प्रत्येक कार्यकर्ता की चिंता करती है और उन्हें वैचारिक रूप से सक्षम एवं कुशल बनाने के लिए निरंतर प्रशिक्षण अभियान चलाती है। उन्होंने कहा कि जितना कार्यकर्ता योग्य और निपुण बनेगा, संगठन उतना ही अधिक मजबूत होगा।
बंगाल में 331 कार्यकर्ताओं ने दिया बलिदान
श्री साव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है। इसी कार्यपद्धति के कारण आज देश के 73 प्रतिशत भू-भाग तथा 78 प्रतिशत आबादी पर भाजपा की सरकारें कार्य कर रही हैं। यह जनता के अटूट विश्वास और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है।
पश्चिम बंगाल का उल्लेख करते हुए श्री साव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की धरती पर भाजपा ने ऐतिहासिक रूप से 208 सीटें जीतकर कमल खिलाया है। यह सफलता आसान नहीं थी, बल्कि इसके पीछे पार्टी के 331 कार्यकर्ताओं का बलिदान जुड़ा हुआ है। उन्होंने ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि कश्मीर में एक विधान, एक संविधान के संकल्प के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपना बलिदान दिया था और भाजपा की पूर्ण बहुमत सरकार ने धारा 370 समाप्त कर उनके सपनों को साकार करने का ऐतिहासिक कार्य किया।