केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने किया भारतीय व्यापार महोत्सव का लॉन्च, भारत उपभोक्ता के साथ विनिर्माण का भी बने बड़ा हब: कैट

रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी ने जानकारी दी कि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारतीय व्यापार महोत्सव (BVM) की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की।

इस दौरान कैट छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमैन सुरिंदर सिंह और जीवत बजाज, महामंत्री अवनीत सिंह, कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी तथा शंकर बजाज उपस्थित रहे।

श्री पारवानी ने बताया कि भारतीय व्यापार महोत्सव का आयोजन आगामी 12 से 15 अगस्त तक भारत मंडपम में आईटीपीओ और कैट के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत आज वैश्विक बाजार में एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है और देश का व्यापार तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि व्यापारी, उद्योग जगत, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और उद्यमी मिलकर कार्य करें तो भारत एक ट्रिलियन डॉलर निर्यात के लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकता है।

उन्होंने कहा कि भारत कौशल, ज्ञान और प्रतिभा से परिपूर्ण देश है। यदि भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए, तो वैश्विक बाजारों में उनकी मांग और बढ़ेगी तथा विदेशी उत्पादों पर निर्भरता स्वतः कम होगी। उन्होंने भारतीय व्यापार महोत्सव को भारतीय व्यापार समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि यह मंच भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत और सम्मानजनक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

श्री  पारवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता और वैश्विक आर्थिक नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय व्यापार महोत्सव को देश की वैश्विक छवि निर्माण के एक बड़े अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए, जिससे भारत की पहचान केवल उपभोक्ता बाजार तक सीमित न रहकर विनिर्माण और निर्यात आधारित अर्थव्यवस्था के रूप में भी स्थापित हो सके।

उन्होंने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव केवल एक एक्सपो नहीं, बल्कि व्यापारियों, एमएसएमई, महिला उद्यमियों, स्टार्टअप्स, कारीगरों और निर्माताओं को सशक्त बनाने का राष्ट्रीय अभियान है। यह पहल “वोकल फॉर लोकल” और “लोकल टू ग्लोबल” के विजन को गति प्रदान करेगी तथा भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह देश में भारतीय उत्पादों और सेवाओं का अब तक का सबसे बड़ा मल्टी-सेक्टर बिजनेस एक्सपो होगा।

श्री पारवानी ने बताया कि वैश्विक चुनौतियों और पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सुझाए गए सात रणनीतिक कदमों पर कैट के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के पहले दिन विस्तृत चर्चा की गई। व्यापार और उद्योग जगत के माध्यम से इनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए व्यापक रोडमैप भी तैयार किया गया।

सम्मेलन में देश के 27 राज्यों से लगभग 150 प्रमुख व्यापारिक नेता, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि, उद्योगपति, उद्यमी, निर्यातक, स्टार्टअप्स, महिला उद्यमी और विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट अतिथि शामिल हुए।

आईटीपीओ के अध्यक्ष जावेद अशरफ ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव देश के रिटेल व्यापार की छवि बदलने वाला एक ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा। वहीं आईटीपीओ के प्रबंध निदेशक श्री नीरज खरवाल ने कहा कि यह आयोजन भारत की उत्पादन क्षमता, पारंपरिक उत्पादों, नवाचार और उद्यमशीलता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का सशक्त माध्यम बनेगा।

सम्मेलन में भारत को वैश्विक सप्लाई चेन और सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने की रणनीतियों पर भी चर्चा की गई। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्थिक आत्मनिर्भरता, मजबूत घरेलू व्यापार और सशक्त भारतीय अर्थव्यवस्था के विजन के समर्थन में एक संयुक्त प्रस्ताव पारित करने पर भी सहमति बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *