० परिषद की बैठक बस्तर में बुलाना भाजपा का पॉलिटिकल प्रोपोगंडा
० बस्तर के विकास के लिए विशेष पैकेज कब देंगे
० पेट्रोल-डीजल और महंगाई पर कुछ कहेंगे गृहमंत्री : बैज
जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि प्रधानमंत्री पूरे देश से आह्वान कर रहे हैं कि वर्क फ्रॉम होम करें, पेट्रोल, डीजल बचाएं, वहीं दूसरी ओर उनके ही गृहमंत्री मुख्यमंत्री उनकी बात का माखौल उड़ा रहे हैं। मध्य क्षेत्र परिषद की बैठक वर्चुअल क्यों नहीं की गई?जबकि सभी मुख्यमंत्री सचिवालय तथा गृह मंत्रालय के पास वीडियो कान्फ्रेंसिंग की सुविधा उपलब्ध है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री बैज ने कहा है कि मध्य क्षेत्र परिषद की बैठक करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, चार राज्यों के मुख्यमंत्री या उनके प्रतिनिधि बस्तर आएंगे। सब अलग-अलग विशेष विमान से आयेंगे, लाखों रू. खर्च होगा, डीजल-पेट्रोल तथा विमान का ईंधन खर्च होगा। यह बैठक तो वर्चुअल हो सकती। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मध्यक्षेत्र परिषद की बैठक बस्तर में बुलाना भारतीय जनता पार्टी का पॉलिटिकल प्रोपोगंडा है। केंद्र से लेकर राज्य सरकार तक ने दावा किया था 31 मार्च के बाद नक्सलवाद समाप्त हो गया है। कांकेर में पिछले हफ्ते हमारे 4 जवान शहीद हो गए। उसके बाद भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार राजनैतिक प्रोपोगंडा करना बंद नहीं किया है। मध्यक्षेत्र की बैठक पहली बार बस्तर में करवाने पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। मध्यक्षेत्र परिषद की बैठक बस्तर ले जाकर साबित करना चाहते हैं?हमने यहां पर सारी चीजे सही कर दिया है? जबकि जमीनी हकीकत यह है कि पिछले हफ्ते हमारे 4 जवान शहीद हुये है। मध्यक्षेत्र की बैठक को बस्तर में करने का दूसरा उद्देश्य है कि वहां पर अडानी के लिये रेड कार्पेट बिछाना चाहते है। वहां पर बैठक करने सरकार का मूल उद्देश्य है कि अपना पॉलिटिकल प्रोपोगंडा करना और अडानी के आर्थिक हितों का संवर्धन करना।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि शाह बताये बस्तर के लिए कुछ विशेष पैकेज लेकर आये है या इस बार भी खाली हाथ आने वाले है। डबल इंजन की सरकार में बस्तर के विकास, बस्तर में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य के लिए केंद्र सरकार 50 हजार करोड़ के विशेष पैकेज की घोषणा कब करेगी? बस्तर संभाग के हर नक्सलमुक्त पंचायत को 1 करोड़ की घोषणा कब करेंगे? प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जबसे प्रधानमंत्री मोदी ने देश की जनता से अपील की है कि पेट्रोल-डीजल बचाये, खाद्य तेल का उपयोग कम करें, वर्क फ्राम होम करे, इसके कारण पूरे देश में भय का माहौल बना, लोग पेट्रोल-डीजल की कभी की आशंका से पंपों के सामने कतारों पर खड़े हो गए। देश के आधे पेट्रोल पंप सूखे पड़े हैं। बस्तर में भी पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत है। मोदी सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दामों में 3 रू. से अधिक की बढ़ोतरी कर दी है। मोदी के आह्वान के बाद खाद्य सामाग्री, अनाज, सब्ज्यिों के दाम बढ़ गए हैं। मोदी यदि अपील नहीं करते तो यह अफरा-तफरी नहीं होती। अमित शाह बताएं कि मोदी निर्मित इस आपदा पर आप क्या कहना चाहेंगे?