० भाजपा नेता राकेश द्विवेदी ने उठाया नदी का गंभीर मसला
० सफाई हेतु जन समस्या निवारण शिविर में द्विवेदी ने दिया आवेदन
दल्ली राजहरा। नगर में कभी एक नदी बहती थी, जिसे जुझारू नदी के रूप में जाना जाता था। आज यह नदी नाले के रूप में तब्दील हो चुकी है और अपने अस्तित्व के लिए जूझ रही है। भाजपा नेता राकेश द्विवेदी ने इस नदी के अस्तित्व को लेकर प्रशासन के समक्ष मुद्दा उठाया है।
दल्ली राजहरा नगर के वार्ड क्रमांक 20 से निकलने वाले बारहमासी नाले की सफाई, चौड़ीकरण एवं जल निकासी व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर निवृत्तमान मंडल अध्यक्ष राकेश द्विवेदी ने जन समस्या निवारण शिविर में आवेदन सौंपा। यह आवेदन अनुविभागीय अधिकारी दल्ली राजहरा एवं नगर पालिका अध्यक्ष को दिया गया है। भाजपा नेता राकेश द्विवेदी ने आवेदन में बारिश पूर्व नाले की वृहद सफाई कराने की मांग की गई है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि उक्त नाला वार्ड क्रमांक 4, 22, 25, 24 एवं 23 से होकर गुजरता है। वर्तमान में नाले के दोनों किनारों पर मलबा एवं गंदगी जमा होने से दुर्गंध फैल रही है तथा जल प्रवाह बाधित हो रहा है। इसके कारण वर्षा ऋतु में विशेषकर वार्ड क्रमांक 23, 24 एवं चिखलाकसा क्षेत्र में जलभराव एवं बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो जाती है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। राकेश द्विवेदी ने मांग की है कि नाले में जमा पूरे मलबे को हटाकर वृहद स्तर पर सफाई कराई जाए तथा नाले का चौड़ीकरण कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में बाढ़ एवं जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि यह नाला प्राचीन समय में जुझारू नदी के रूप में पहचान रखता था, इसलिए इसकी ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक पहचान को पुनः स्थापित करने की दिशा में भी आवश्यक पहल की जानी चाहिए।