बालोद। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कथित तौर पर एक प्रेमी जोड़े ने रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। यह मामला चोरहापड़ाव रेलवे ट्रैक का है, जहां बुधवार सुबह दोनों के शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद किए गए। सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। मृतकों में 20 वर्षीय जितेश्वर तारम, निवासी कुम्हालोरी गांव, और 16 वर्षीय लिलिसा उइके, निवासी साल्हे गांव (डौंडी विकासखंड), शामिल हैं।
घटनास्थल से एक बाइक भी बरामद हुई है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों उसी से मौके पर पहुंचे थे। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।