0 विरोध में युवा कांग्रेस करेगी बड़ा आंदोलन
0 जनता के टैक्स के पैसों का दुरुपयोग करना बंद करे नगर निगम सरकार – झा
जगदलपुर। बस्तर जिला युवा कांग्रेस जगदलपुर के शहर अध्यक्ष निकेत राज झा ने नगर निगम द्वारा शहर में कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है। श्री झा ने कहा है कि नगर निगम द्वारा सड़कों, नालियों एवं अन्य विकास कार्यों में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। निर्माण कार्यों में निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिसके कारण नई बनी सड़कें और संरचनाएं कुछ ही समय में खराब हो रही हैं। यह सीधे तौर पर जनता के टैक्स के पैसों का दुरुपयोग है।
निकेत राज झा ने आरोप लगाया है कि संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से इस प्रकार के घटिया कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो सकती है, जहां जलभराव और टूटी सड़कों के कारण आवागमन बाधित होने की संभावना बढ़ गई है। शहर अध्यक्ष युकां निकेत राज झा ने मांग है कि सभी निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए एवं संबंधित दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदारों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। निकेत राज झा ने चेतावनी दी है यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं किया गया, तो यूथ कांग्रेस जगदलपुर शहर द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा। श्री झा ने कहा है कि यूथ कांग्रेस हमेशा जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत रहेगी। किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार एवं लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।