
बीजापुर। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 199वीं वाहिनी को बड़ी सफलता मिली है। 1 मई 2026 को बी कंपनी ने सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया।
यह कार्रवाई कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन और द्वितीय कमान अधिकारी विनोद कुमार की निगरानी में कंपनी कमांडर राजीव कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम ने पीडिया क्षेत्र के गोटपल्ली गांव के घने जंगलों में सूचना के आधार पर तलाशी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें नक्सलियों द्वारा भविष्य में सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद की गई।
बरामद डंप में आईईडी बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री जैसे कॉर्डेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज, इलेक्ट्रिक वायर सहित कुल 19 प्रकार के विस्फोटक उपकरण, बीजीएल राउंड, गोलियों के खाली खोखे, वायरलेस सेट, नक्सली साहित्य और पेचकस, प्लास, ड्रिलिंग टूल्स, नट-बोल्ट जैसी अन्य सामग्री शामिल है। कुल मिलाकर 47 प्रकार की वस्तुएं जब्त की गई हैं। गौरतलब है कि गोटपल्ली और आसपास का क्षेत्र पहले नक्सली गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है, लेकिन लगातार चल रहे अभियानों के चलते अब क्षेत्र में नक्सल प्रभाव कम हुआ है और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। इस पूरे अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। CRPF की 199वीं वाहिनी ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।