खाद-बीज की उपलब्धता के लिए करें नियमित मॉनिटरिंग : शहला निगार

 

0  उर्वरक के विकल्प के रूप में हरी खाद, नील हरित काई एवं जैव उर्वरक को प्रोत्साहित करने पर जोर 
जगदलपुर। कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार ने रबी 2025 की समीक्षा और खरीफ 2026 के तैयारी समीक्षा बैठक में कहा कि खरीफ 2026 के कार्ययोजना के अनुसार किसानों की मांग के अनुरूप बीज-खाद और फसल ऋण की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार ने कहा कि बीज-खाद का लक्ष्य के अनुरूप भंडारण एवं निर्धारित नवीन उर्वरक वितरण प्रणाली के माध्यम से किसानों को उर्वरक प्रदाय किया जाए। खाद- बीज के गुण नियंत्रण के लिए नियमित तौर पर निरीक्षण करने सहित जांच एवं कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने अधिकारियों को खाद-बीज और फसल ऋण सुलभता की नियमित तौर पर समीक्षा करने सहित किसान क्रेडिट कार्ड में अद्यतन प्रगति लाए जाने के निर्देश दिए। कृषि उत्पादन आयुक्त ने उर्वरक के विकल्प के तौर पर हरी खाद, नील हरित काई एवं जैव उर्वरक के उपयोग के लिए भी किसानों को प्रोत्साहित करने कहा और आवश्यक इनपुट उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पशु पालन, कुक्कुट पालन, सुकर पालन, बकरा पालन, मत्स्य पालन और उद्यानिकी फसलों की खेती आदि आनुषांगिक सेक्टरों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड प्रदाय पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियद नेल्लानार क्षेत्रों में सभी योजनाओं का सेचुरेशन पर जोर देते हुए वर्तमान में सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने और विकसित कृषि संकल्प अभियान शिविरों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने कहा। बैठक में बस्तर संभाग के अंतर्गत किसानों को लघु सिंचाई साधन की उपलब्धता हेतु प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, किसान समृद्धि योजना, सौर सुजला योजना के क्रियान्वयन तथा सिंचाई पम्पों के विद्युतीकरण की भी समीक्षा की गई। इस दौरान कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने बस्तर संभाग में कृषि विकास एवं आनुषांगिक विभागों उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्यपालन इत्यादि को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कृषि एवं आनुशांगिक सेक्टरों में संचालित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से हरेक पात्र व्यक्ति को सेचुरेशन करने पर बल देते हुए इस दिशा में सभी अधिकारियों को बेहतर प्रदर्शन करने के निर्देश दिए। साथ ही जिलों में मृदा परीक्षण केन्द्र, बीज प्रक्रिया केन्द्र और रोपणी बनाने के लिए आवश्यक भूमि चिन्हित किए जाने कहा। बैठक में बस्तर, दंतेवाड़ा, कोण्डागांव, सुकमा, बीजापुर एवं नारायणपुर के कलेक्टर और कांकेर जिले के सीईओ जिला पंचायत ने अपने जिले में कृषि तथा संबंधित विभागों के योजनाओं के क्रियान्वयन प्रगति, खरीफ फसल कार्यक्रम कार्ययोजना के क्रियान्वयन तैयारी सहित नवाचारों के बारे में विस्तारपूर्वक अवगत कराया। बैठक में संचालक कृषि राहुल देव, प्रबंध संचालक बीज विकास निगम अजय अग्रवाल सहित उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन, मार्कफेड, अपेक्स बैंक के वरिष्ठ अधिकारी और सभी जिलों के सीईओ जिला पंचायत सहित कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *