गरियाबंद में नहर बना तस्करी का रास्ता! बहते मिले 68 किलो गांजा, 17 पैकेट जब्त

गरियाबंद। जिले में तस्करी का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां खेतों में उगने वाला गांजा इस बार नहर में बहता हुआ मिला। मोहतरा से अतरमरा के बीच स्थित नहर में लोगों ने गांजा से भरे पैकेट बहते देखे, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पाण्डुका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन चलाकर एक-एक कर कुल 17 पैकेट बरामद किए। प्राथमिक जांच में इन पैकेट्स में करीब 68 किलो से अधिक गांजा होने की संभावना जताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

नहर बना तस्करी का नया तरीका?
यह मामला पाण्डुका थाना क्षेत्र के फिंगेश्वर वितरक शाखा नहर का है, जो नेशनल हाईवे-130 से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित है। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस की नजर से बचने के लिए तस्करों ने गांजा से भरे पैकेट नहर में फेंक दिए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस अब तस्करों तक पहुंचने के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि नहर के जरिए गांजा परिवहन का यह कोई नया तरीका तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *