सरकार दावा कर रही पेट्रोल, डीजल का पर्याप्त स्टॉक है फिर सरगुजा संभाग में संकट क्यों – धनंजय सिंह

रायपुर। सरगुजा पेट्रोलियम एसोसिएशन द्वारा पेट्रोल, डीजल संकट दूर करने कलेक्टर को लिखे मांग पत्र पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार दावा कर रही है कि 22 दिन का पेट्रोल एवं 15 दिन का डीजल स्टॉक में है, किसी प्रकार की कोई संकट की स्थिति नहीं है। वहीं सरगुजा पेट्रोलियम एसोसिएशन कलेक्टर को पत्र लिखकर पर्याप्त आपूर्ति की मांग कर रहे। सरकार और पेट्रोलियम एसोसिएशन किसके दावे पर जनता भरोसा करें? यदि पेट्रोलियम की कमी नहीं है फिर सरगुजा संभाग में पेट्रोल, डीजल संकट क्यों है? सरगुजा संभाग के कई पेट्रोल पंप ड्राई क्यों हो गये है? डीजल नहीं मिलने के कारण किसानों का कृषि कार्य बंद हो गया एवं ट्रांसपोर्टरों की गाड़ियां खड़ी हो गई। इससे गम्भीर रोजगार संकट खड़ा हो गया। कोयला ढुलाई प्रभावित हो रही जिससे बिजली संकट एवं उद्योगों में तालाबंदी की स्थिति निर्मित हो रही है। जनता परेशान है सरकार सिर्फ दावा कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि पेट्रोलियम एसोसिएशन कह रही है कि आईओसी, बीपीसीएल, एचपीसीएल, पेट्रोल, डीजल की पर्याप्त आपूर्ति नहीं कर रही है जिसके चलते संकट उत्पन्न हुआ। जब स्टॉक पर्याप्त का दावा किया जा रहा फिर पेट्रोल, डीजल सप्लाई ठीक से क्यों नहीं की जा रही है? जनता को परेशान क्यों किया जा रहा है? सरकार के पेट्रोल, डीजल पर्याप्त का दावा सिर्फ क्या कागजी आंकड़ा है? इस विषय को गंभीरता से लेना चाहिये। प्रदेश ने देखा है सरकार ने किसी भी प्रकार से एलपीजी की कमी नहीं होने का दावा किया था जबकि धरातल में जनता रसोई गैस के सिलेंडर लेने सुबह से रात तक लाइन में लगी रही है, आज भी रसोई गैस नहीं मिलने की जानकारी आ रही है। कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति 50 प्रतिशत कम है जिसके चलते उद्योगों में उत्पादन प्रभावित हुआ है, होटल, रेस्टोरेंट बंद हुए, जनता सुख दुख के कार्यक्रम के सिलेंडर के लिए जूझ रही है, ब्लैक मार्केटिंग हो रहा है।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि सरगुजा पेट्रोलियम एसोसिएशन की मांगों को सरकार गंभीरता से ले, पेट्रोलियम कंपनियों को मांग के अनुसार डीजल, पेट्रोल आपूर्ति करने सख्त हिदायत दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *