0 प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर का हेडमास्टर आत्महत्या मामले में पलटवार, कहा : घटना की निष्पक्ष जांच करा रही है प्रदेश सरकार, तथ्यहीन आरोप लगाना कांग्रेस की फितरत
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयानों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा है कि हेडमास्टर राजू पुजारी की आत्महत्या के मामले में बघेल बिना तथ्यों की जानकारी के केवल अपनी राजनीति चमकाने और मीडिया का ध्यान खींचने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। श्री ठाकुर ने कहा कि इस मामले में जिला कलेक्टर और जिला मिशन संचालक (समग्र शिक्षा) द्वारा पहले ही वस्तुस्थिति स्पष्ट कर दी गई है। कतिपय अवांछनीय तत्वों द्वारा यह भ्रामक खबर फैलाई जा रही थी कि अधूरे निर्माण के बावजूद भुगतान के लिए दबाव डाला जा रहा था, जो कि पूरी तरह सत्य से परे है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री ठाकुर ने इस प्रकरण के मद्देनजर तथ्य साझा करते हुए कहा कि शाला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए ‘शाला प्रबंधन समिति’ को ही एजेंसी बनाया गया था और अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका था। कुल राशि का 40 प्रतिशत भुगतान पहले ही किया जा चुका था तथा शेष राशि का भुगतान केवल शासकीय अवकाश होने के कारण प्रक्रियाधीन था, न कि किसी दुर्भावना या दबाव के कारण रुका था। श्री ठाकुर ने कहा कि हम सब इस दु:खद घटना से अत्यंत आहत हैं। हमारी सरकार इस पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच करवा रही है। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री बघेल को यह शोभा नहीं देता कि वे बिना दस्तावेजों और तथ्यों को खंगाले, केवल सरकार पर इल्जाम लगाने के लिए अधूरे ज्ञान के साथ बयानबाजी करें। श्री ठाकुर ने कहा कि बघेल स्वयं मुख्यमंत्री पद पर रह चुके हैं, इसके बावजूद तथ्यों की अनदेखी कर झूठ फैलाना उनकी हताशा को दर्शाता है। भाजपा सरकार संवेदनशील है और दोषियों या कारणों की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी।