० ग्राम देवी देवताओं की पूजा अर्चना कर बस्तर की खुशहाली के लिए मांगा आशीर्वाद
जगदलपुर। बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अटूट लोक आस्था के प्रतीक ‘मड़ई उत्सव’ बस्तर के ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिल रही है। बकावंड ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोर्टा झिटकागुड़ा पारा में भव्य मड़ई का आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप अपने परिवार के साथ शामिल हुए।
सांसद महेश कश्यप ने परिवार के साथ ग्राम के आराध्य देवी देवताओं के दर्शन और विधिवत पूजन अर्चन की। उन्होंने बस्तर की प्राचीन परंपराओं का निर्वहन करते हुए क्षेत्र की सुख समृद्धि, खुशहाली और समस्त ग्रामवासियों के उत्तम स्वास्थ्य की मंगल कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारे ग्राम देवी देवता बस्तर की संस्कृति के आधार स्तंभ हैं और मड़ई जैसे उत्सव आपसी मेल मिलाप तथा सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का माध्यम बनते हैं।
मड़ई के दौरान स्थानीय ग्रामवासियों में भारी उत्साह देखा गया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूँज और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया। सांसद महेश कश्यप ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी कुशलक्षेम जानी और क्षेत्र के विकास को लेकर चर्चा भी की। इस सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन में सांसद के साथ बस्तर जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य वनवासी मौर्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनबारी भद्रे, जनपद उपाध्यक्ष तरुण पांडेय और गंजामी बघेल सहित स्थानीय पंच सरपंच व अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।