
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। नारायणपुर क्षेत्र स्थित आरा पहाड़ से एक प्राइवेट विमान टकराकर क्रैश हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद पहाड़ से आग की ऊंची लपटें उठती देखी गईं, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो मौके की गंभीर स्थिति को बयां कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हो गई है। जशपुर के एसएसपी लाल उमेद सिंह भी घटनास्थल के लिए निकल चुके हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान में कितने लोग सवार थे या कोई यात्री मौजूद था भी या नहीं। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है। घटना से जुड़ी अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।