0 बेतहाशा बिजली कटौती से नल जल योजना बेदम
बकावंड। ब्लॉक ग्राम पंचायत बनियागांव के लोगों को बिजली ने पानी के लिए तरसा दिया है। ग्रामीण इस भीषण गर्मी के दौर में बिजली कटौती की मार तो झेल ही रहे हैं, वे बूंद बूंद पानी के भी मोहताज हो गए हैं। बनियागांव समेत आसपास के कई गांवों में भीषण गर्मी के बीच बेतहाशा बिजली कटौती की जा रही है। बिजली न रहने से पानी का भारी संकट पैदा हो गया है। बार-बार बिजली गुल हो जाने से मोटर पंप नहीं चल पा रहे हैं, जिसके कारण ग्रामीणों को पानी भरने में भारी परेशानी हो रही है और उन्हें भीषण धूप में पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। कहीं कही पंचायत में टंकी को शो पीस के तौर लगा दिया गया है।

नल से एक ड्रम भरने के लिए 5 से 10 मिनट तक लग़ जा रहा है। बिजली न होने से नलों में पानी नहीं आ रहा है, जिससे लोग पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। कई क्षेत्रों में रात के समय भी बिजली नहीं आ रही है, जिससे ग्रामीण रात भर जागकर नदी नालों, कुंओं और हैंडपंपों से पानी भरने के लिए मजबूर हैं। ग्रामीण बिजली कटौती बंद करने की मांग को लेकर अधिकारियों को कई दफे आवेदन दे चुके हैं, मगर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।