गरियाबंद-ओडिशा सीमा पर बड़ा ऑपरेशन: सोनाबेड़ा के जंगल से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

गरियाबंद। जिले में छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सोनाबेड़ा अभ्यारण्य के ढेकुनपानी जंगल में सर्चिंग अभियान के दौरान सीआरपीएफ जवानों ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई को नक्सली गतिविधियों पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, ओडिशा के कोमना पुलिस कैंप से निकली सीआरपीएफ टीम ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान जवानों को जंगल में संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं। जब उनकी जांच की गई तो वहां छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।

बरामद सामान में 70 नग जिलेटिन स्टिक, 3 स्टील कंटेनर और 4 बंडल इलेक्ट्रॉनिक वायर शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इन विस्फोटकों का इस्तेमाल नक्सली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए करने वाले थे, लेकिन सुरक्षाबलों ने समय रहते उनकी साजिश नाकाम कर दी।

इस सफलता के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। जवानों द्वारा आसपास के जंगलों में लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई से नक्सलियों के मंसूबों पर पानी फिर गया है और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा भी मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *