0 सरकार ने बिना व्यवस्था किये लोगों को भीषण गर्मी में लाइन में लगा दिया
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि सरकार के चावल उत्सव को ढकोसला बताते हुए कहा कि राशन दुकानों में चावल का स्टॉक पहुंचा नहीं है और सरकार चावल उत्सव मनाने का प्रोपोगंडा कर एक साथ तीन माह का चावल देने की बात कर रही, जबकि तीन दिनों से लोग राशन दुकानों में घंटो लाइन लगा कर वापस आ रहे है, उन्हें चावल नहीं मिल रहा। राशन दुकान के संचालक बताते है उनके पास स्टॉक ही नहीं है। जब दुकानों तक पर्याप्त मात्रा में राशन का स्टॉक नहीं पहुंचा तो सरकार ने लोगों को चावल उत्सव के नाम पर भीषण गर्मी में कतार में क्यों लगवाया?
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि पिछले पांच महीने से सरकार राशन दुकानों को नियमित राशन तो पहुंचा नहीं पायी है। पांच माह से राशन कार्डधारियों को चावल नहीं मिल रहा है और सरकार तीन महीने का चावल एकमुश्त देने का ढिंढोरा पीट कर चावल उत्सव मनाने जा रही है, जबकि हकीकत यह है कि अभी तक दुकानों में मात्र 30 प्रतिशत चावल ही उपलब्ध है, जब दुकानों तक चावल नहीं पहुंच पाया है तो उपभोक्ता को कैसे चावल देगी सरकार? इस बात को कांग्रेस पहले से उठाते आ रही है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि सरकारी गोदाम में चावल नहीं है, फोर्टिफाइड राइस का टेंडर नहीं हुआ है, फिर गरीबों को तीन माह का चावल एकमुश्त देने का आदेश क्यों दिया गया? ये आदेश गरीबों के साथ भद्दा मजाक है, अपमान है। क्या खाद्य संचालनालय के अधिकारी बेसुध रहते है? उन्हें अपने विभाग की स्टॉक के बारे में जानकारी नहीं है? बड़ी अराजक स्थिति है? राशन कार्डधारी पहले ही खराब क्वालिटी की सड़ा हुआ चावल राशन दुकानों से मिलने की शिकायत कर रहे है। जिस पर अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। क्या विभाग, खाद्य मंत्री के बिना जानकारी इस प्रकार से आदेश दिया है? क्या ये आदेश विभागीय मंत्री के अनुमोदन से हुआ है? लाखों टन चावल जिसमें फोर्टिफाइड चावल कैसे मिलेगा?
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि जब से भारतीय जनता पार्टी के सरकार छत्तीसगढ़ में बनी है तब से पीडीएस के स्टॉक का भौतिक सत्यापन ही नहीं हो रहा है। सहकारी सोसाइटी और उपभोक्ता दुकानें भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के लिए चारागाह बना दिया गया है। छत्तीसगढ़ के गरीबों का राशन में घोटाला कर चावल दूसरे राज्यों में बेचा जा रहा है।