सीमावर्ती क्षेत्र महाराष्ट्र के सोमनपल्ली में मजदूरों से भरा पिकअप पलटा…

0  29 मजदूर घायल, 9 की हालत गंभीर, 2 लोग लाए गए जगदलपुर 
जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के सीमावर्ती महाराष्ट्र के गांव सोमनपल्ली में मजदूरों से भरा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 29 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें से नौ लोगों को ज्यादा चोटें आई हैं। दो अति गंभीर घायलों को जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी का ईलाज बीजापुर जिला चिकित्सालय में चल रहा है। छग से लगे महाराष्ट्र के सोमनपल्ली गांव में गुरुवार बड़ा सड़क हादसा हो गया।

जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में लगभग 40 मजदूर सवार थे। जिसमें 29 महिला पुरुष मजदूर घायल हुए हैं। 9 मजदूरों की स्थिति गंभीर बताई गई है। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया है। मिली जानकारी अनुसार भोपालपटनम इलाके 3-4 गांवों के ग्रामीण काम की तलाश में पलायन कर मिर्ची तोड़ने महाराष्ट्र जा रहे थे। घटना सुबह 9 बजे आस-पास की बताई जा रही है। क्षमता से अधिक मजदूरों से भरा पिकअप वाहन बीजापुर जिले की भोपालपटनम तहसील के सीमावर्ती राज्य महाराष्ट्र जा रहा था। लेकिन प्रशासन इस पर रोक लगाने में असमर्थ रहा। फिलहाल सभी घायलों को भोपालपटनम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। कुछ गंभीर रूप से घायलों का प्राथमिक उपचार जारी है। भोपालपटनम के थाना प्रभारी जीवन जांगड़े ने बताया कि महाराष्ट्र के सोमनपल्ली के समीप पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। घायल मजदूर बीजापुर जिले के निवासी हैं। घटना की रिपोर्ट महाराष्ट्र के आसरली थाना में दर्ज हुई है। जिला चिकित्सालय की सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर ने बताया कि जिला अस्पताल में 13 घायल मजदूरों को लाया गया है, जिनमें से दो मजदूर को सिर पर गंभीर चोट आने के कारण उन्हें जगदलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बाकी का इलाज बीजापुर में जारी है।

पूर्व मंत्री गागड़ा पहुंचे अस्पताल
सोमनपल्ली सड़क दुर्घटना में घायल मजदूरों से मिलने पूर्व मंत्री महेश गागड़ा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली, परिजनों से मिलकर घायलों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। श्री गागड़ा ने अस्पताल प्रबंधन को बेहतर इलाज हेतु आवश्यक निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *