17 लाख 90 हजार नकदी के साथ संदिग्ध व्यक्ति गिरफ्तार…

बिलासपुर। जिले में पुलिस ने बड़ी नकदी के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा है। आरोपी के पास से 17 लाख 90 हजार रुपये नगद बरामद हुए हैं, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, बेलगहना पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी टेंगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग के साथ एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में घूमते हुए दिखाई दिया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को बताया गया, जिनके निर्देश पर तुरंत कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और सीएसपी निमितेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका नाम पवन बजाज (35 वर्ष) है और वह बिलासपुर का निवासी है।

तलाशी के दौरान उसके दो सूटकेस और बैग से 10, 20 और 50 रुपये के नए नोटों के कुल 81 बंडल बरामद हुए, जिनकी कुल राशि 17 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने पूरी रकम जब्त कर ली है और इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी नकदी का स्रोत क्या है और कहीं इसका संबंध किसी आपराधिक गतिविधि से तो नहीं है। फिलहाल आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *