अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार, दो तेंदुए की खाल बरामद

बलरामपुर। जिले में  वन विभाग की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी में सक्रिय गिरोह का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया है। टीम ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से दो तेंदुए की खाल बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, वन मंत्री के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में वन्यजीव अपराधों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (मध्य क्षेत्र) भोपाल, राज्य उड़नदस्ता रायपुर और वनमंडल बलरामपुर की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।

टीम ने थाना बसंतपुर क्षेत्र के ग्राम जमई मोड़ के पास मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक तेंदुए की खाल बरामद हुई। पूछताछ में अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी मिली, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए एक और तेंदुए की खाल जब्त की गई।

गिरफ्तार किए गए सभी 9 आरोपी झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। ये अंतरराज्यीय स्तर पर वन्यजीव तस्करी के नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं।

वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस-वन विभाग की टीम गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *