सास ने बहू से परेशान होकर मांगी इच्छामृत्यु! सूरजपुर का चौंकाने वाला मामला

सूरजपुर। जिले से एक अलग तरह का पारिवारिक विवाद सामने आया है, जहां आमतौर पर बहू द्वारा प्रताड़ना के आरोप लगाए जाने के मामलों के बीच सास ने ही अपनी बहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए इच्छामृत्यु की मांग कर दी है। इस घटना ने पारिवारिक रिश्तों में बदलते समीकरणों और बढ़ते तनाव को उजागर किया है।

जानकारी के मुताबिक, लटोरी क्षेत्र निवासी शकुंतला पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी बहू रागनी मिश्रा पर मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बहू लगातार पैसों की मांग कर उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रही है।

शकुंतला पाण्डेय के अनुसार, 3 अक्टूबर 2021 को बहू ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए घर छोड़ दिया था, जिसके बाद उनके बेटे वेद प्रकाश और परिवार को लंबे समय तक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अब लगभग चार साल बाद बहू के वापस लौटने पर एक बार फिर परिवार में तनाव की स्थिति बन गई है।

सास का आरोप है कि बहू फिर से दबाव बनाकर उन्हें प्रताड़ित कर रही है। इसी से परेशान होकर उन्होंने इच्छामृत्यु की मांग की है, जो इस मामले को और गंभीर बना देता है।

मामले में पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया है। फिलहाल बातचीत और समझाइश के जरिए विवाद सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आपसी सहमति से समाधान निकल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *