रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि वर्क फ्रॉम होम के नाम पर चल रहे साइबर ठगी के गिरोह राज्य के बेरोजगार युवाओं को लालच देकर ठग रहे हैं। आज छत्तीसगढ़ में हजारों युवाओं को ऑनलाइन ट्रेनिंग और आसान कमाई का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठे जा रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि राज्य में लगातार बढ़ती बेरोजगारी का फायदा उठाकर ठग गिरोह बेरोजगार युवाओं को निशाना बना रहे हैं। घर बैठे हजारों कमाने का सपना दिखाकर उनसे रजिस्ट्रेशन, ट्रेनिंग और अन्य शुल्क के नाम पर ठगी की जा रही है और ये सब इस सरकार के झूठे वादे को उजागर करती है चाहे वो 20,000 हज़ार प्रति वर्ष रोजगार कि हो या 57000 शिक्षक भर्ती कि बात हो,आज छत्तीसगढ़ में 16लाख से ज्यादा पंजीकृत बेरोज़गार युवा है, जिनमे ग्रेजुएट युवाओं कि संख्या अधिक है, और इसी बढ़ती बेरोजगारी का फायदा यह ठग उठाते हैं, ये बढ़ती बेरोजगारी का ब्यावह आंकड़ा दर्शाता है कि छत्तीसगढ़ सरकार ना ही शासकीय भर्तियां कर रही है और ना ही कोई बड़ा निवेश छत्तीसगढ़ में आ रहा है जिससे कि हमारे स्थानीय युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार मिल सके और उनको रोजगार के लिए जान जोखिम में डालकर दूसरे राज्यों में जाना ना पड़े।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि राज्य में साइबर अपराध रोकने के लिए प्रभावी निगरानी तंत्र न होने की वजह से ऐसे अपराधियों के हौसले बुलंद है! छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने भी यह चिंता व्यक्त की थी कि केंद्र सरकार के प्रक्रिया के द्वारा राज्यों में नियुक्त होने वाले साइबर एक्सपर्ट की नियुक्ति छत्तीसगढ़ में अभी तक क्यों नहीं हो पाई है!
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि साइबर क्राइम सेल को मजबूत कर ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाना चाहिए और साथ ही पीड़ित युवाओं को आर्थिक सहायता और न्याय दिलाने के लिए विशेष तंत्र सरकार को बनाना चाहिए। ऐसे झांसे में न आएं इसके लिए सरकार को बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलने चाहिए।