बेकाबू बोलेरो पेड़ से टकराई, एक युवक की मौत, 6 गंभीर घायल

0 बकावंड के कोटगुड़ा का निवासी था मृत युवक 
बकावंड/कोंडागांव। जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मांझीआठगांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे के एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार बोलेरो में कुल 7 लोग सवार थे। हादसे में बकावंड ब्लॉक के कोटगुड़ा निवासी युवक हेमसागर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि हेमसागर ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। उनकी अचानक मौत से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।वहीं वाहन में सवार अन्य 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही फरसगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन जगदलपुर की ओर जा रही थी और उसमें सवार सभी लोग बोरीगांव व बकावंड क्षेत्र के निवासी थे। तेज रफ्तार के चलते वाहन अनियंत्रित होना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद कोटगुड़ा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। हेमसागर की असमय मृत्यु से गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं घायलों के परिजन अस्पताल में उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *