एक दूल्हा, दो दुल्हनें… बस्तर में अनोखी शादी, एक ही मंडप में लिए सात फेरे

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल की लोक परंपराओं के बीच कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक के ग्राम बैलगांव में एक अनोखी शादी ने सबका ध्यान खींच लिया है। यहां एक युवक ने दो युवतियों के साथ एक ही मंडप में सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए।

इस विवाह का निमंत्रण पत्र और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कार्ड में एक दूल्हे के साथ दो दुल्हनों के नाम छपे हैं, वहीं वीडियो में दूल्हा दोनों दुल्हनों का हाथ थामे फेरे लेते नजर आ रहा है।

दूल्हा हितेश (पुत्र गजेंद्र यादव, ग्राम बैलगांव) ने फुलबती (ग्राम शंकरपुर) और यामिनी (ग्राम बनियागांव) के साथ विवाह किया। यह शादी पूरी तरह से सामाजिक सहमति और गाजे-बाजे के साथ संपन्न हुई।

23 मार्च 2026 को हल्दी की रस्म (मंडपाच्छादन और हरिद्रालेपन) के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जबकि 24 मार्च को पाणिग्रहण, लगन और आशीर्वाद समारोह आयोजित किया गया। शादी में ग्रामीणों और दोस्तों ने जमकर उत्सव मनाया, जिससे माहौल किसी फिल्मी दृश्य जैसा बन गया।

ग्रामीणों के अनुसार, तीनों परिवारों की सहमति और समाज के बुजुर्गों के आशीर्वाद से यह विवाह कराया गया, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो।

हालांकि, मुख्यधारा के कानून के तहत एक साथ दो विवाह को मान्यता नहीं है, लेकिन बस्तर की पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था में ऐसे मामलों को स्थानीय स्तर पर स्वीकृति मिल जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *