बिलासपुर। जिले के तखतपुर क्षेत्र में शादी समारोह उस वक्त बवाल में बदल गया, जब दुल्हन के घर बारात पहुंचने से पहले ही डीजे पर नाचने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ा कि बारातियों और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई।
जानकारी के मुताबिक, रात मोढ़े गांव से बारात कुंआ गांव पहुंची थी। डीजे पर नाचने के दौरान किसी बात को लेकर बारातियों और गांव के युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। आरोप है कि पहले बारातियों ने गांव के कुछ युवकों के साथ मारपीट की, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना की खबर मिलते ही गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और गुस्साए ग्रामीणों ने बारातियों को घेरकर हमला कर दिया। कई बाराती जान बचाकर भागते नजर आए, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने बारात में शामिल वाहनों को भी निशाना बनाया और जमकर तोड़फोड़ की। इस हिंसक झड़प में विनय पटेल और पंकज पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति शांत कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मारपीट व तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।