बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोलर लाइट पोल लगाने के नाम पर एक वकील से 1 करोड़ 33 लाख 64 हजार रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है।
ऐसे रचा गया ठगी का जाल
रायपुर के चौबे कॉलोनी निवासी अधिवक्ता विनीत तिवारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके कनिष्ठ अधिवक्ता के जरिए उनकी मुलाकात भावेश जैन, ऋतुप्रण वैष्णव और संतोष कर्ण से हुई थी, जो खुद को लायजनिंग का काम करने वाला बताते थे।
इन लोगों ने सोलर लाइट पोल लगाने का प्रोजेक्ट दिलाने का झांसा देकर उनसे अलग-अलग किस्तों में कुल 1 करोड़ 33 लाख 64 हजार रुपये ले लिए।
पैसा मांगने पर दिया बाउंस चेक
पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उन्हें 1.33 करोड़ रुपये का चेक दिया, लेकिन बैंक में लगाने पर वह बाउंस हो गया। इसके बाद ठगी का मामला स्पष्ट हुआ।
पुलिस ने दर्ज किया केस
सिरगिट्टी थाना पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत के आधार पर संतोष कर्ण, गोपाल वैष्णव सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है।
जांच जारी, आरोपियों की तलाश
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।