रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित मेटल पार्क इलाके में कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दिलीप (उम्र लगभग 45-50 वर्ष) के रूप में की गई है, जिसकी करीब एक माह पहले गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच, स्थानीय थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के निर्देश दिए।
उरला थाना पुलिस के अनुसार, फिलहाल मौके से कंकाल बरामद हुआ है और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, जिससे मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।