CAIT नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 का भव्य समापन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले – छत्तीसगढ़ व्यापार का नया ग्रोथ इंजन”

रायपुर। देश के प्रमुख व्यापारी संगठन CAIT द्वारा आयोजित नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य  अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी,  राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी तथा  शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि  कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमेन सुनील सिंघी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में रायपुर की महापौर मीनल चौबे उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों का CAIT परिवार और व्यापारिक संगठनों द्वारा पारंपरिक गजमाला पहनाकर स्वागत किया गया। पाँच दिवसीय इस एक्सपो में हजारों नागरिकों, व्यापारियों, युवाओं और उद्यमियों ने भागीदारी की।
250 से अधिक ब्रांड्स की भागीदारी
एक्सपो में 250 से अधिक प्रतिष्ठित ब्रांड्स ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। आगंतुकों को नवीन उत्पादों की जानकारी मिली, वहीं मैन्युफैक्चरर, डिस्ट्रीब्यूटर और डीलर्स को सशक्त B2B मंच प्राप्त हुआ। कपड़ा, फूड स्टॉल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और युवा गतिविधियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
“छत्तीसगढ़ बनेगा व्यापार का नया ग्रोथ इंजन” – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने CAIT की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश के व्यापार और उद्योग को नई गति देते हैं। उन्होंने एक्सपो में प्रदर्शित नवाचार, AI आधारित समाधान और स्थानीय उत्पादों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वदेशी भावना को मजबूत करने में इस तरह के आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं की बड़ी भागीदारी को उत्साहजनक बताते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की अपार संभावनाएं हैं, जिससे रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने हाल ही में घोषित राज्य बजट के लिए प्रदेशवासियों और व्यापारियों को बधाई भी दी।


ऐतिहासिक बताया गया एक्सपो
राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमेन सुनील सिंघी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राज्य के विकासोन्मुख बजट की सराहना की और कहा कि बोर्ड छत्तीसगढ़ के व्यापारियों के हित में सदैव उपलब्ध है। उन्होंने एक्सपो को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह आयोजन व्यापार, नवाचार और स्वदेशी भावना को एक साथ आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण मंच है।
व्यापारियों की मांगें और ज्ञापन
CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड सदस्य अमर पारवानी ने मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि व्यापारियों के कुछ महत्वपूर्ण सुझावों को राज्य बजट में शामिल किया गया है, जो व्यापार जगत के लिए उत्साहवर्धक है। उन्होंने व्यापारियों की ओर से विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा और कहा कि इनकी पूर्ति से प्रदेश के व्यापार और राज्य के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
आभार प्रदर्शन
आयोजकों ने युवा एवं महिला टीम, पदाधिकारियों, प्रायोजकों, एग्जीबिटर्स, सहभागी व्यापारियों, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, स्वयंसेवकों और आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समापन संदेश
CAIT नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 ने व्यापार, उद्योग, नवाचार और रोजगार को एक मंच पर लाकर छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर एवं स्वदेशी अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाने का मजबूत संदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *