मंगल कार्बन प्लांट में टायर गलाने के दौरान ब्लास्ट, 8 मजदूर झुलसे- 9 माह की मासूम भी घायल

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के चोड़हा स्थित मंगल कार्बन प्लांट में टायर रिसाइक्लिंग के दौरान जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में 8 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें एक 9 महीने की मासूम बच्ची भी शामिल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे मजदूर आग और गर्म गैस की चपेट में आ गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक कई मजदूर 70 से 80 प्रतिशत तक झुलसे हुए हैं, जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घायलों में इंद्रजीत खड़िया, साहेब राम (40) निवासी राजघट्टा, शिव (28) साहेब राम का पुत्र, इंद्रवद (19) निवासी राजघट्टा, प्रिया, उदासीन निवासी खरसिया तथा उनकी 9 माह की बेटी भूमि सहित अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्लांट में पुराने टायरों को गलाकर कार्बन बनाने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान बॉयलर में दबाव बढ़ने या तकनीकी खामी के कारण विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और प्लांट परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि प्लांट में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *