बसंत पंचमी मांझीपारा कावड़गाँव में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

बस्तर। बस्तर विकास खंड के मांझीपारा कावड़गाँव में स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला में बसंत पंचमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्या की देवी मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन द्वारा पूजा कर किया गया, जिन्होंने बच्चों एवं उपस्थितजनों को बसंत पंचमी के महत्व पर प्रकाश डाला और शिक्षा को जीवन का आधार बताया।

कार्यक्रम के दौरान उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत परीक्षा में उत्तीर्ण नव साक्षरों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रमाण पत्र पाकर नव साक्षरों के चेहरे पर आत्मविश्वास और प्रसन्नता स्पष्ट दिखाई दी। विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें सरस्वती वंदना, नृत्य एवं गीत शामिल रहे। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना दिया।

खंड शिक्षा अधिकारी ने बच्चों की मांग पर प्रोजेक्टर देने का वादा किया, जिससे उनकी शिक्षा में और अधिक मदद मिल सके। इस अवसर पर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही ग्रामीणों एवं उपस्थितजनों को उल्लास नवभारत साक्षरता शपथ दिलाई गई, जिससे समाज में शिक्षा एवं साक्षरता के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित हुआ।

इस अवसर पर सीएसी चंद्रशेखर स्वादु, सीएसी देवेंद्र सोनी, शिक्षक सचिव उर्मिला ठाकुर, शिक्षक राजेन्द्र पानीग्राही, अविनाश पानीग्राही, जगन्नाथ नाग, पुरुषोत्तम ध्रुव सहित संकुल के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *