खरीदा जाए सभी किसानों का पूरा धान : संतोष कुमार कश्यप

० टोकन जारी करे, हर पंजीकृत किसान का धान खरीदे सरकार : कश्यप 
बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत आज छोटे देवड़ा के सरपंच संतोष कुमार कश्यप ने छूटे किसानों को धान टोकन जारी करने और सभी पंजीकृत किसानों का धान खरीदने की मांग उठाई है। इस संबंध में सरपंच श्री कश्यप ने आज बकावंड एसडीएम एवं तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। युवा सरपंच संतोष कुमार कश्यप अब किसानों के हक के लिए खड़े हो गए हैं। उन्होंने शासन प्रशासन से धान टोकन काटने, धान खरीदी तिथि को आगे बढ़ाने और सभी पंजीकृत किसानों का धान खरीदे जाने की पुरजोर हिमायत की है। श्री कश्यप ने इस बात पर दुख जताया है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने किसान का एक एक दाना खरीदने का वादा किया था लेकिन आज सरकार किसान भाइयों के धान को खरीदने से बचती नजर आ रही है। किसान अपनी उपज नहीं बेच पा रहे हैं। किसानों के साथ शासन प्रशासन द्वारा सौतेला व्यवहार एवं छल कपट किया जा रहा है। सजग सरपंच संतोष कुमार कश्यप ने आरोप लगाया है कि सरकार धान खरीदी में फेल हो गई है। किसान आज भी अपना धान बेचने के लिए भटक रहे हैं, मगर उनकी पीड़ा देखने सुनने वाला कोई नहीं है। सरपंच संतोष कुमार कश्यप ने ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा के किसानों के बकावंड पहुंच कर एसडीएम और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।

श्री कश्यप ने प्रशासन से आग्रह किया कि जो किसान अपना पंजीयन करा चुके हैं, मगर अब तक धान नहीं बेच पाए हैं, उन्हें टोकन जारी किए जाएं और उनकी पूरी उपज खरीदी जाए। साथ ही सरपंच संतोष कुमार कश्यप ने धान खरीदी तिथि को बढ़ाए जाने पर भी जोर दिया है। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल में सरपंच संतोष कुमार कश्यप, दुर्जन पटेल, कमलूराम भारती, रूषभ बघेल, गुड्डू बघेल, बदर, पासरू कोटवार एवं अन्य किसान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *