बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों की कायराना हरकत ने एक बार फिर निर्दोष नागरिक की जान ले ली है। जंगल में पहले से बिछाए गए प्रेशर आईईडी (IED) की चपेट में आने से एक युवक ग्रामीण की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक रोजमर्रा की जरूरतों के लिए लकड़ी लेने जंगल गया था, तभी यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, यह दुखद घटना 18 जनवरी को बीजापुर जिले के ग्राम कस्तुरीपाड़ के जंगल क्षेत्र में हुई। स्थानीय ग्रामीण आयता कुहरामी (उम्र लगभग 32 वर्ष) लकड़ी इकट्ठा करने के लिए जंगल गए थे। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से प्लांट किए गए प्रेशर आईईडी पर उनका पैर पड़ गया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ।
विस्फोट इतना भीषण था कि युवक के दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनका शरीर बुरी तरह जख्मी हो गया। गंभीर रूप से घायल आयता को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ले ली।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में भय व्याप्त है और कई लोग जंगल में लकड़ी या अन्य जरूरी सामग्री लेने से डरने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नक्सली आम नागरिकों को निशाना बनाकर क्षेत्र में आतंक फैला रहे हैं, जबकि सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बावजूद ऐसी घटनाएं जारी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।