
0 मारे गए दो नक्सलियों में एक के दिलीप बेड़जा होने का अनुमान
जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के नेशनल पार्क एरिया में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच आज सुबह से मुठभेड़ चल रही है। अब तक दो नक्सली मारे जा चुके हैं। मारे गए दोनों नक्सलियों में से एक के नेशनल पार्क एरिया कमेटी के डिवीजनल कमांडर एवं कुख्यात नक्सली दिलीप बेड़जा होने की संभावना व्यक्त की जा रही है
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि बीजापुर जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के जंगल–पहाड़ी इलाकों में नक्सलियों की नेशनल पार्क एरिया कमेटी के डिवीजनल कमांडर दिलीप बेड़जा एवं अन्य सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन पर निकली थी।सर्च अभियान के दौरान आज 17 जनवरी की सुबह से संयुक्त टीम और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग चल रही है।अब तक मुठभेड़ स्थल से दो पुरुष नक्सलियों के शव तथा उनके पास से एके -47 जैसे ग्रेडेड स्वचालित हथियार भी बरामद किए गए हैं। बस्तर रेंज पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों एवं अन्य चुनौतीपूर्ण हालात के बावजूद डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ के जवान पूरे साहस और प्रतिबद्धता के साथ सशस्त्र नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक अभियान निरंतर जारी रखे हुए हैं। मृत नक्सलियों की प्रारंभिक पहचान व विवरण से संकेत मिलता है कि मृत एक नक्सली नेशनल पार्क एरिया कमेटी का कुख्यात नक्सली डीवीसीएम दिलीप बेड़जा हो सकता है, जबकि दूसरे माओवादी कैडर के शव की पहचान अभी शेष है।