क्रिप्टो और शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। क्रिप्टो करेंसी और शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ व मासिक ब्याज देने का झांसा देकर दो दर्जन से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कुल 26 लोगों से करीब 1 करोड़ 35 लाख 14 हजार रुपये की ठगी की थी।

एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी कुलदीप भतपहरी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी छठवीं पास बताया गया है और घटना को अंजाम देने के बाद लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी अमित दास ने थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2021-22 में उसकी आरोपी कुलदीप भतपहरी से पहचान हुई थी। आरोपी ने स्वयं को शेयर मार्केट, आईपीओ, एनएसई, एमएसईआई और सीडीएसएल से जुड़ा निवेश सलाहकार बताया और ‘मासिक के.बी. प्लान’ के नाम पर अधिक लाभ और मासिक ब्याज का लालच देकर प्रार्थी और उसके भाई से ऑनलाइन और नकद कुल 15 लाख 60 हजार 4 रुपये प्राप्त किए। कुछ महीनों तक ब्याज के रूप में आंशिक राशि देने के बाद दिसंबर 2024 में आरोपी फरार हो गया।

मामले में थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 18/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र, तकनीकी विश्लेषण और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शेयर ट्रेडिंग और क्रिप्टो निवेश में अधिक मुनाफे का झांसा देकर कुल 26 लोगों से 1 करोड़ 35 लाख 14 हजार रुपये ऑनलाइन और नकद रूप में ठगे हैं।

आरोपी के कब्जे से प्रकरण से संबंधित एक कंप्यूटर सिस्टम, एक लैपटॉप और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी इसी तरह की ठगी के मामले में थाना टिकरापारा रायपुर के अपराध क्रमांक 456/2025 धारा 420 भादवि के तहत जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप भतपहरी पिता मुन्ना भतपहरी (38 वर्ष), निवासी धमतरी रोड सतनाम ज्ञान देवपुरी, थाना टिकरापारा रायपुर के रूप में हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *