रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टाटीबंद इलाके में एक दर्दनाक हादसे ने सबको झकझोर दिया है। आमानाका थाना क्षेत्र के एक घर में रूम हीटर में शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई, जिसमें बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब बुजुर्ग घर में अकेले थे। उनका बेटा कुछ सामान लेने के लिए बाजार गया हुआ था और घर का मुख्य दरवाजा बाहर से ताला लगाकर बंद कर दिया था। ठंड से बचने के लिए चलाया गया रूम हीटर अचानक शॉर्ट सर्किट का शिकार हो गया। आग तेजी से पूरे घर में फैल गई।
बुजुर्ग ने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन लॉक दरवाजे के कारण वे बाहर नहीं निकल पाए। आस-पास के लोगों ने धुआं और लपटें देखकर तुरंत मदद के लिए पहुंचे, मगर आग इतनी तेज थी कि उन्हें घर के अंदर घुसने में काफी देर हो गई। इस बीच बुजुर्ग आग की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक नुकसान हो चुका था। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने किसी आपराधिक गतिविधि से इनकार करते हुए इसे दुर्घटना बताया है। मुख्य कारण रूम हीटर में शॉर्ट सर्किट और घर के बाहर से लॉक होने को माना जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आस-पास के लोगों से पूछताछ जारी है।