रायपुर। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की कड़ी मुहिम “ऑपरेशन निश्चय” ने एक बार फिर गंभीर धक्का दिया है। पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर के मार्गदर्शन में थाना गंज पुलिस ने त्वरित और सटीक कार्रवाई करते हुए तीन नशीले कारोबारियों को रंगे हाथों दबोच लिया।
पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध ओडिशा से भारी मात्रा में नशीली गोलियां लेकर रायपुर शहर में सप्लाई करने की योजना बना रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने एक्सप्रेस-वे रोड, मैन सराय भवन के पास पंप हाउस के सामने आरोपियों को घेरकर मौके पर पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से Nitrazepam Tablets (NITROSUN-10) की 300 स्ट्रिप्स (कुल 3,000 गोलियां), एक रेनॉल्ट क्विड कार (अनुमानित कीमत ₹3,50,000/-) और मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त मादक पदार्थों, वाहन एवं अन्य सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹4,00,000/- आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं:
- प्रवीण बघेल (23 वर्ष), निवासी न्यू शांति नगर, टंडन डेरी रोड, अनुरथ रेजिडेंसी, थाना सिविल लाइन, रायपुर
- भावेश खटवानी (32 वर्ष), निवासी क्रिस्टल आर्केड के पीछे, लोधी पारा, थाना गंज, रायपुर
- राज दास (24 वर्ष), निवासी न्यू शांति नगर, चांदनी चौक, थाना सिविल लाइन, रायपुर
पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा से नशीली गोलियां लाकर रायपुर शहर में बेचने के लिए लाना स्वीकार किया है। इस संबंध में थाना गंज में NDPS एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपियों के नेटवर्क, सप्लाई चेन एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश तेज कर दी गई है।