रायपुर की सड़कों पर हथियारों का खुला प्रदर्शन, सोशल मीडिया पर ‘डॉन’ बनने की होड़

रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक खतरनाक प्रवृत्ति सामने आई है। खुलेआम कट्टा और चाकू लेकर कार चलाते हुए युवकों के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में युवक सड़कों, गलियों और सुनसान इलाकों में हथियार लहराते हुए फिल्मी गानों पर रील बनाते नजर आ रहे हैं।

हैरान करने वाली बात यह है कि इन युवकों ने अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने पेज बना रखे हैं, जहां लगातार ऐसे वीडियो अपलोड कर खुद को ‘डॉन’ और ‘भाई’ के रूप में पेश करने की कोशिश की जा रही है। वायरल वीडियो में युवक हाथ में कट्टा और कमर में चाकू रखकर गानों पर रील बनाते दिखाई दे रहे हैं। कुछ वीडियो में आपत्तिजनक गालियां भी सुनाई दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, शहर में वर्चस्व दिखाने और सोशल मीडिया पर दबंगई का प्रदर्शन करने के लिए ये युवक ग्रुप बनाकर जानबूझकर ऐसे वीडियो वायरल कर रहे हैं। वायरल फुटेज में नजर आ रहे युवकों की उम्र करीब 18 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये वीडियो रायपुर के खमतराई, तेलीबांधा, पुरानी बस्ती और डीडी नगर जैसे इलाकों में शूट किए गए हैं।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद रायपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और युवकों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि हथियारों के साथ वीडियो बनाकर दहशत फैलाने और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *