डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल उलनार में वार्षिक खेल स्पर्धाओं का आयोजन

 

0 विरजानंद सदन प्रथम, दयानंद सदन दूसरे स्थान पर

बकावंड। विकासखंड ब्लॉक बकावंड के उलनार में संचालित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में वार्षिक खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर पूरे दिन उत्साह, ऊर्जा, अनुशासन एवं खेल भावना से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य श्री मनोज शंकर के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर उलनार के सरपंच मधुसूदन एवं पंचगण विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दीप प्रज्वलन कर की गई। पश्चात ध्वजारोहण किया गया। तत्पश्चात विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगीत व मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। मार्चपास्ट के बाद मशाल दौड़ आयोजित की गई। प्राचार्य मनोज शंकर ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के महत्व से अवगत कराते हुए जीवन में अनुशासन, परिश्रम एवं आत्मविश्वास अपनाने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि सरपंच मधुसूदन द्वारा “स्पर्धा का उद्घाटन किया गया। विद्यार्थियों ने कबड्डी, खो-खो, 100 मीटर दौड़, बोरी दौड़, बिस्किट दौड़, चम्मच दौड़, मेंढक दौड़, ऊंचीकूद, लंबीकूद तथा साइकिल दौड़ जैसी विविध खेल प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़कर सहभागिता की तथा अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कक्षा दूसरी एवं तीसरी के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं एरोबिक व्यायाम प्रदर्शन कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। चारों सदनों हंसराज, विरजानंद, दयानंद एवं श्रद्धानंद के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विरजानंद सदन ने प्रथम स्थान, दयानंद सदन ने द्वितीय स्थान और हंसराज एवं श्रद्धानंद सदन ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सरपंच मधुसूदन द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की सफलता में शारीरिक शिक्षिका विजयलक्ष्मी साहू का योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा। इसके अलावा समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सहयोग भी अत्यंत प्रशंसनीय रहा। अंत में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वज अवरोहण कर खेल महोत्सव के समापन की घोषणा की गई। अंत में राष्ट्रगान एवं शांतिपाठ के साथ आयोजन का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *