रायपुर। झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा को छत्तीसगढ़ पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाकर कोर्ट में पेश किया। अदालत ने उसे 27 दिसंबर तक 4 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड अवधि में पुलिस फायरिंग, रंगदारी और अन्य अपराधों से जुड़े मामलों में उससे विस्तृत पूछताछ करेगी, जिससे बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
मयंक सिंह पर छत्तीसगढ़ और झारखंड समेत कई राज्यों में हत्या के प्रयास, फिरौती वसूली, धमकी और फायरिंग जैसे दर्जनों गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लॉरेंस बिश्नोई और अमन साहू गैंग से भी जुड़ा बताया जाता है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने उसे झारखंड की जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया है।
बता दें कि जुलाई 2024 में रायपुर के तेलीबांधा इलाके में PRA ग्रुप के संचालक और कोयला कारोबारी प्रह्लाद राय अग्रवाल के ऑफिस पर बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। सीसीटीवी में कैद इस घटना में एक गोली हवा में और दूसरी कार पर लगी थी। जांच में मयंक सिंह का नाम मुख्य आरोपी के तौर पर सामने आया था। उसने विदेश से बैठकर गैंग की गतिविधियां संचालित करने और धमकियां देने के आरोप भी लगे हैं।पुलिस अब रिमांड में गैंग के नेटवर्क, हथियार सप्लाई और अन्य राज्यों से जुड़े मामलों की कड़ियां जोड़ने की कोशिश करेगी। जांच जारी है।