उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का कांग्रेस पर तीखा प्रहार: मनरेगा नाम बदलने से क्यों बौखलाई कांग्रेस?

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने मनरेगा का नाम बदलने के मुद्दे पर कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गांवों में लोगों को 100 से 150 दिन का रोजगार मिल रहा है और अच्छा परिवर्तन आ रहा है, तो कांग्रेस को इसमें दिक्कत क्यों हो रही है? शर्मा ने आगे कहा कि भाजपा गांधीजी की मान्यताओं के ज्यादा करीब है। ऐसी नकारात्मक राजनीति से कुछ हासिल नहीं होता, जनता के बीच जाकर काम करना पड़ता है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कल फिर कांग्रेस हार जाएगी तो ईवीएम का रोना शुरू कर देगी।

पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों की मांग पर सकारात्मक रुख

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों से मुलाकात के बाद कहा कि प्रक्रिया में जरूरी बदलाव किए जाएंगे। मुख्यमंत्री से आग्रह कर वेटिंग लिस्ट बढ़ाई जाएगी। रविवार को अभ्यर्थियों की समस्याओं को ध्यान से सुना गया।

शक्ति जिले के युवक की केरल में मौत पर टिप्पणी

नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत के पत्र पर शर्मा ने कहा कि उनकी मांग उचित है और संबंधित प्रक्रिया पहले से ही चल रही है। हालांकि, इस घटना से नेता प्रतिपक्ष को सीख लेनी चाहिए कि घुसपैठियों के खिलाफ लोगों में कितना आक्रोश है।

छत्तीसगढ़ में पहली बार ड्रोन से पेट्रोलिंग शुरू

गृहमंत्री विजय शर्मा ने बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि राज्य में पहली बार ड्रोन के जरिए पेट्रोलिंग की जाएगी। पुलिस पेट्रोलिंग को और सख्त करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।

नशे के वायरल वीडियो पर सख्त कार्रवाई

रायपुर में नशे से जुड़े वायरल वीडियो पर शर्मा ने कहा कि पिछले दो महीनों में पुलिस की कार्रवाई तेज हुई है। एंड-टू-एंड जांच चल रही है। वायरल वीडियो को चिन्हित कर दोषियों तक शीघ्र पहुंचा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *