छत्तीसगढ़ में नक्सलियों को झटका: 34 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण, कुल 84 लाख का था इनाम!

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सरकार की “लोन वर्राटू” (पूना मारगेम) पुनर्वास योजना और आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर 34 खतरनाक माओवादियों ने पुलिस के सामने हथियार डाल दिए। इन सभी नक्सलियों पर कुल 84 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
आत्मसमर्पण करने वाले ये माओवादी कई गंभीर वारदातों में शामिल रहे हैं, जिनमें फायरिंग, आईईडी विस्फोट, आगजनी और अन्य नक्सली घटनाएं शामिल हैं। बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि इन सभी को शासन की नीति के तहत तत्काल 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है। साथ ही उन्हें पुनर्वास और सुरक्षा का पूरा लाभ मिलेगा।

इस आत्मसमर्पण कार्यक्रम में सीआरपीएफ डीआईजी बी.एस. नेगी, एसपी डॉ. जितेंद्र यादव, अतिरिक्त एसपी यूलेण्डन यार्क, डीएसपी शरद जायसवाल, उप पुलिस अधीक्षक विनीत साहू समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सरेंडर करने वाले माओवादियों का हौसला बढ़ाया और मुख्यधारा में लौटने की अपील की।
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 से अब तक छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान ने जोर पकड़ा है। इस दौरान कुल 824 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं, 1079 को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 220 नक्सली विभिन्न मुठभेड़ों में मारे गए हैं। यह आत्मसमर्पण नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान में एक और मजबूत कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *